Amit Shah Chhindwara Visit : पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गढ़ छिंदवाड़ा में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हुंकार भरेंगे। विजय संकल्प रैली के जरिए वे यहां आदिवासी वोट पर फोकस करेंगे। आदिवासियों के आस्था के केंद्र हर्रई ब्लॉक के आंचलकुंड दादा दरबार मंदिर से वे भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज करेंगे। अमित शाह दोपहर करीब 2.10 बजे यहां पहुंचकर पूजा करेंगे। इसके बाद हेलिकाप्टर से दोपहर 3.10 बजे छिंदवाड़ा में पुलिस ग्राउंड पहुंचकर यहां जनसभा को संबोधित करेंगे। वे दोपहर 4.10 बजे भाजपा कार्यालय भी जाएंगे, अमित शाह शाम 5 बजे नागपुर के लिए रवाना होंगे।
आज मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी मध्यप्रदेश की धरती पर छिंदवाड़ा पधार रहे हैं। मैं उनका प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से हृदय से स्वागत करता हूं: CM pic.twitter.com/k5uTPPsOZD
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) March 25, 2023
सुरक्षा को लेकर पुलिस, प्रशासन पूरी तरह सजग
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा शुक्रवार को ही छिंदवाड़ा पहुंच गए। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल समेत दूसरे नेता भी शाह की सभा के लिए जुट गए हैं। भाजपा ने इस बार छिंदवाड़ा को नाक का सवाल बनाया है। शाह के आने से पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के तीन दौरे छिंदवाड़ा में हो चुके हैं। केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा को लेकर पुलिस, प्रशासन पूरी तरह से सजग है। हैलीपेड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक शहर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 10 आइपीएस अधिकारी, 22 एएसपी, 68 एसडीओपी के अलावा लगभग दो हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
दस आईपीएस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
सीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा की पूरी तैयारी की जा चुकी है। दस आईपीएस अधिकारियों के हवाले मोर्चा रहेगा। इन अधिकारियों में तीन डीआइजी और सात एसपी शामिल है। इसके अलावा अन्य व्यवस्थाओं को संभालने प्रदेशभर से आए अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला अस्पताल में रिकवरी रूम, डाक्टरों की टीमें तैनात है।
कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की पूरी टीम की ड्यूटी लगाई
आंचलकुंड स्थित कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की पूरी टीम रहेगी। इसके अलावा पुलिस ग्राउंड में डाक्टरों की दो टीमें, इमलीखेड़ा हवाई पट्टी में एक टीम की ड्यूटी लगाई गई है। सभी पाइंट पर एंबुलेंस भी तैनात रहेगी। इसके अलावा जिला अस्पताल में इमरजेंसी यूनिट में डाक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। इसी के साथ ओटी के समीप चिकित्सकीय उपकरण, दवाओं से लैस रिकवरी रूम बनाया गया है। बाहरी वाहनों की शहर में एंट्री नहीं रहेगी। सभी वाहनों को रिंगरोड से जाना होगा। शासकीय वाहन, आवश्यक वस्तुओं के परिवहन को सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक शहर में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद सभी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। गृहमंत्री अमित शाह आंचलकुंड में दर्शन के बाद महाविजय उदघोष जनसभा लेंगे।